उदयपुर मे हरियाली अमावस मेले मे फतहसागर पर चट्टानें खिसकने से 3 घायल

 | 
3 Inured in Hariyali Amavas Mela in Udaipur

 

Udaipur Times, Accident News: फतेहसागर झील पर हरियाली अमावस के अवसर पर लगे मेले के दौरान मंगलवार को हादसा हो गया। फतेहसागर ओवरफ्लो गेट के सामने छोटी दुकान लगाकर बैठे लोगों के पास अचानक ऊपर से चट्टान खिसककर गिर गई। हादसे में सेक्टर-9 निवासी हरजीत सिंह सरदार समेत तीन लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हरजीत सिंह सरदार फतेहसागर ओवरफ्लो गेट के सामने दुकान लगाकर बैठे थे। इसी दौरान ऊपर से अचानक चट्टान का एक हिस्सा खिसककर नीचे आ गिरा। चट्टान की चपेट में आने से हरजीत सिंह सरदार और उनके दो साथी घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस की DQRT टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चट्टानों के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए महाराणा भूपाल चिकित्सालय रवाना किया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया तथा रेस्क्यूअर विपुल चौधरी, विजय नकवाल, नरेश चौधरी, हीरालाल प्रजापत और प्रकाश राठौड़ मौजूद रहे। टीम की तत्परता से घायलों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

जियो साइनटिस्ट सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य खुशीद आलम ने कहा कि उनके संगठन द्वारा फतहसागर झील किनारे चट्टानों से जुड़ी इस समस्या को उजागर किया था और कई बार प्रशासनिक अधिकारियों की इन कमजोर चट्टानों से जुड़े खतरे से अवगत भी करवाया था और साथ ही इस तरफ ध्यान देकर इस समस्या का समाधान करने के निवेदन भी किया था लेकिन प्रशासन द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिसके फलस्वरूप यह हादसा सामने आया।

उनका कहना है की फतहसागर झील विश्व प्रसिद्ध है और इसे न सिर्फ देशी बल्कि विदेशी पर्यटक देखने के लिए बड़ी संख्या मे आते है साथ ही सुबह शाम टहलने के लिए भी लोग आते है ऐसे मे प्रशासन को चाहिए की इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाए ताकि आने वाले समय मे कोई और हादसा ना हो।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News