तेज़ रफ़्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत
हादसा उदयपुर-नाथद्वारा नेशनल हाईवे पर चीरवा टनल से पहले रविवार शाम करीब 5:30 बजे हुआ
उदयपुर 13 अप्रैल 2026। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर आगे जाकर पलट गया और उसमें भरे कचरे सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
यह हादसा उदयपुर-नाथद्वारा नेशनल हाईवे पर चीरवा टनल से पहले शाम करीब 5:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी भरत योगी के अनुसार तीनों शवों को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि ट्रेलर राजसमंद से उदयपुर की ओर आ रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी और उसने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
#Udaipur #Rajasthan #Accident #BreakingNews #RoadSafety #UdaipurNews #RajasthanNews #Chirwa #HighwayAccident #LocalNews
