चित्तौड़गढ़ नीमच मार्ग पर हादसे में 3 की मौत

एक युवक गंभीर रूप से घायल
 | 
accident

चित्तौड़गढ़ 13 दिसंबर 2025। निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में चित्तौड़गढ़ नीमच मार्ग पर मुख्यमंत्री जन आवास योजना के समीप शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन वाहनों की आपसी भिड़ंत में दंपति सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, एक पिकअप चालक और उसका सहयोगी सड़क किनारे वाहन का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही मारुति वैन अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गई। उसी समय एक थार कार भी तेज गति से आई और दोनों वाहनों से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही घायल और मृतकों को चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मारुति वैन चालक लखन मालू और उसकी पत्नी सरिता मालू को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिकअप चालक बस्तीतीलाल प्रजापत की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।

दुर्घटना में पिकअप वाहन का सहचालक हस्तीमल पामेचा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। 

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव जिला चिकित्सालय मोर्चरी में रखवाए गए हैं, जिनका पोस्टमार्टम परिजनों के पहुंचने के बाद कराया जाएगा। दुर्घटनाग्रस्त सभी वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु कर दिया ।

घटना में मृतक दंपति मध्यप्रदेश के नीमच जिले के सरवानिया महाराज के निवासी बताए जा रहे हैं वही एक पिकअप चालक  मृतक भी मंदसौर जिले के भुवानिया खेड़ी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है

घटना की जानकारी मिलने पर निंबाहेडा कोतवाली व सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी प्राप्त की व आवश्यक कार्य शुरू की