कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

 | 
accident

 

Udaipur Times, Accident News: राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास तेज रफ्तार क्रूजर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि ट्रक ड्राइवर समेत 7 लोग घायल हो गए।

हादसे मे मारे गए लोगों की पहचान उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी के रूप में हुई है। सभी लोग महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी है।

दुर्घटना में घायल जगदीश, मयूरी पवार, मनीषा पवार, शरद पवार, गणेश पवार, सृजेत और ट्रक चालक मध्य प्रदेश निवासी हारून शामिल हैं। घायलों का इलाज कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चल रहा है ।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात करीब एक बजे कोटा के शंभूपुरा गांव के पास यह भीषण हादसा हुआ था। महाराष्ट्र के धुले जिले का एक परिवार ओंकारेश्वर, पुष्कर और खाटूश्यामजी के दर्शन कर क्रूजर गाड़ी से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।

इस भीषण सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

राजस्थान के सीएम भजनलाल ने भी हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया है। वहीं राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News