Udaipur Times, Fire Incident: उदयपुर मे दीपावली के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में आतिशबाजी के बीच आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई। तीन दिनों में आगजनी की करीब 100 घटनाएं सामने आईं। इनमें सबसे ज्यादा 42 घटनाएं खाली प्लॉट में हुईं। आतिशबाजी से निकली चिंगारियां आग लगने का प्रमुख कारण रहीं।
इसी बीच मंगलवार शाम करीब 7 बजे मादड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित टेरेक्स पंप्स के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग से गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। गोदाम के पास ही भारत गैस का बड़ा गोदाम होने से खतरा बढ़ गया था।
सूचना मिलते ही उदयपुर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सीएफओ बाबूलाल चौधरी के अनुसार, आग की गंभीरता को देखते हुए करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियों को लगाया गया। हिंदुस्तान जिंक और जेके टायर से भी दमकल वाहन बुलाए गए।
दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दोनों गोदामों के बीच दीवार होने के बावजूद आग फैलने का खतरा बना हुआ था। टीम ने समय रहते आग को आसपास फैलने से रोक दिया, जिससे भारत गैस का गोदाम सुरक्षित बच गया और बड़ा हादसा टल गया।
तीन दिनों में खाली प्लॉट के अलावा कचरे के ढेर, झाड़ियों, खेतों, मकानों, दुकानों और गोदामों में भी आग लगने की घटनाएं हुईं। सीपीएस स्कूल के पास और देवाली स्थित टेंट गोदाम में भी आग लगी, जिससे टेंट का सामान जलकर राख हो गया।