तेज़ रफ़्तार थार बेकाबू होकर मकान में घुसी
उदयपुर 20 फ़रवरी 2026। शहर के प्रताप नगर थाना इलाके के ढीकली में गुरुवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर सीधे एक मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर तक घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग गहरी नींद से घबराकर घरों से बाहर निकल आए। यह हादसा ढीकली निवासी जमनालाल कुमावत के मकान के बाहर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आधी रात के समय थार गाड़ी तेज रफ्तार से ढीकली रोड पर दौड़ रही थी। अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे मकान की दीवार से जा टकराई। टक्कर लगते ही दीवार का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा और ईंट-पत्थर चारों तरफ बिखर गए। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। अगर उस वक्त कोई व्यक्ति दीवार के पास होता तो गंभीर हादसा हो सकता था। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन मकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि थार चालक काफी तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और उसके नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। टक्कर के बाद जैसे ही लोग घरों से बाहर निकले, चालक भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया और गाड़ी को मलबे के बीच ही छोड़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और लावारिस हालत में खड़ी थार को जब्त कर लिया। पुलिस अब वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। शुक्रवार सुबह जब मलबा हटाने का काम शुरू हुआ तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ढीकली रोड पर पहले से चल रहे सड़क निर्माण कार्य और मलबे की वजह से कुछ देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #PratapNagar #Dheekli #RoadAccident #TharCrash #SpeedingVehicle #RoadSafety
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
