नाथद्वारा में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

 | 
Police van Accident

 

Udaipur Times, Accident News: राजसमंद ज़िले के नाथद्वारा में शुक्रवार (31 जुलाई 2026) देर रात नियमित रात्रि गश्त के दौरान श्रीनाथजी थाना पुलिस की 112 ईआरवी गाड़ी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया और वहां लगे लाइट पोल से जा टकराया। हादसे में पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उसमें सवार सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।

जानकारी के अनुसार श्रीनाथजी थाना पुलिस की 112 ईआरवी गाड़ी शुक्रवार देर रात नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान त्रिनेत्र सर्कल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और लाइट पोल से जा टकराया। हादसे में वाहन के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के समय पुलिस वाहन में मौजूद सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे। किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही श्रीनाथजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं टक्कर मारने वाले ट्रक को डिटेन कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News