भीषण सड़क हादसे में पिता पुत्री की मौत, मां गंभीर घायल

उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद ट्रेलर ड्राइवर फरार
 
 | 
father daughter killed in accident

उदयपुर 29 नवंबर 2025। ज़िले के डबोक थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 10:20 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के समय तीनों परिवार के सदस्य एक ही बाइक पर सवार होकर उदयपुर से भटेवर की ओर जा रहे थे।

डबोक थाना अधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि हादसे के दौरान ट्रेलर चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक चला रहे भोपा-मगरी निवासी देवीलाल वसीटा (46) और बीच में बैठी उनकी बेटी देवासी वसीटा (11) ट्रेलर के नीचे आकर कुचल गए। वहीं, बाइक पर पीछे बैठी मां कला वसीटा (43) बाइक के दूसरी तरफ गिर गईं जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें एम्बी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। घटना चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन हाईवे पर एयरपोर्ट के पास हुई। 

सूचना मिलते ही डबोक पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। आसपास के होटल संचालकों ने घायल महिला को मदद पहुंचाई, वहीँ हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #Dabok #RoadAccident #BreakingNews #UdaipurAirport #ChittorgarhHighway #UdaipurLive #UdaipurUpdates #RajasthanLive