गोगुंदा के मुख्य बाजार में भरभराकर गिरा मकान का छज्जा
स्कूटी दबकर क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
उदयपुर 30 जुलाई 2025। ज़िले के गोगुंदा कस्बे के मुख्य बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब राजकुमार पुत्र नाथूलाल सोनी के मकान का आगे का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा।
हादसे में छज्जे के नीचे खड़ी एक स्कूटी पूरी तरह मलबे में दब गई और क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जा गिरते ही जोरदार आवाज सुनाई दी, जिससे आस-पास के लोग मौके की ओर दौड़े। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं घर के बाहर मलबे का ढेर लग गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आमतौर पर इस स्थान पर छोटे बच्चे खेलते रहते हैं, लेकिन घटना के समय वे पास के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। यदि बच्चे वहां मौजूद होते, तो यह हादसा जानलेवा भी हो सकता था।
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग को मामले की जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि कस्बे के पुराने और जर्जर भवनों की जल्द से जल्द जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।