उदयपुर में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बैंक कर्मी की मौत

 | 

Udaipur Times, Accident News: 26 मई 2026। बीते दिन सोमवार 25 मई की शाम को नेशनल हाईवे-48 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार बैंक कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मृतक के हाथ-पैर टूट गए। सड़क पर चारों तरफ खून फैल गया।

हादसा हिरण मगरी थाना क्षेत्र में पारा खेत के पास शाम करीब 6 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही हिरण मगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस ने तुरंत आसपास नाकाबंदी भी करवाई।

एएसआई मोहनपाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान प्रभुलाल सुहालका (56) पुत्र नाथूलाल सुहालका निवासी रेलमगरा, हाल निवासी अशोक नगर उदयपुर के रूप में हुई है। वे बैंक कर्मचारी थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि प्रभुलाल अपने घर से पारा खेत की ओर किसी जमीन को देखने जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसे के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण फिलहाल वाहन और उसके चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अब हाईवे के दोनों ओर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News