Banswara: अनास नदी में डूबकर डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत
SDRF रेस्क्यू टीम ने निकाला शव
बांसवाडा 11 जुलाई 2025 । गुरूवार 10 जुलाई-2025 को प्रातः10ः00 बजे पुलिस कन्ट्रोल रूम जिला बांसवाडा से पुलिस थाना अरथूना के अन्तर्गत अनास नदी में एक बच्चे के डूबने की सूचना एसडीआरएफ राजस्थान कन्ट्रोल रूम जयपुर को मिलने पर एसडीआरएफ कन्ट्रोल रूम द्वारा कमाण्डेन्ट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार मानसून सत्र 2025 में आपदा राहत एवं बचाव हेतु एसडीआरएफ, कम्पनी बीकानेर की रिजर्व पुलिस लाईन जिला बांसवाडा में तैनात रेस्क्यू टीम जी-06 के प्रभारी हैड कानि0 श्रीमती मीना शेखावत को अविलम्ब घटनास्थल के लिए रवाना होने के निर्देश दिए।
रेस्क्यू टीम प्रभारी 10 जवानों की टीम तथा आपदा राहत उपकरणों के साथ दोपहर 01ः10 बजे घटनास्थल पहुंचे। टीम कमाण्डर ने स्थिति का जायजा लिया तथा एसडीआरएफ कमाण्डेन्ट को बताया कि 10 जुलाई-2025 को प्रातः पुलिस थाना अरथूना जिला बांसवाडा के अन्तर्गत कांगलिया पुल से अनास नदी में एक महिला अपने बच्चे के साथ आत्महत्या के इरादे से कूद गई थी।
मौके पर मौजूद मछुआरों ने महिला को जीवित बचा लिया किन्तु बच्चा डूब गया है। बच्चे के शव की तलाश हेतु स्थानीय प्रशासन एवं सिविल डिफेन्स की टीम के द्वारा काफी प्रयास किये गये, किन्तु सफलता नहीं मिल पायी। घटनास्थल पर अनास नदी की चौडाई 150 मीटर तथा गहराई 15 फीट है। एसडीआरएफ राजस्थान कमाण्डेन्ट ने टीम कमाण्डर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
टीम कमाण्डर के निर्देश पर रेस्क्यू टीम के जवानों हरिराम, जीवनराम, कपिल देव, सुनील कुमार, अनिल कुमार, अजित, संदीप कुमार, श्रीमती सजना तथा संदीप ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सबसे पहले रेस्क्यू टीम ने बिलाई एवं रेस्क्यू रोप की सहायता से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सबसे पहले रेस्क्यू टीम ने बालक की तलाश हेतु मोटर बोट को तेज गति से चलाकर नदी के पानी को हिलाया। उसके बाद बांस, बिलाई एवं रेस्क्यू रोप की सहायता से गहन सर्च किया। सायं 07ः15 बजे स्थानीय प्रशासन के आदेशानुसार सर्च ऑपरेशन प्रातः तक स्थगित कर दिया गया।
आज 11 जुलाई 2025 को प्रातः 07ः30 बजे से पुनः नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अथक परिश्रम तथा कडी मेहनत से टीम को प्रातः 11ः30 बजे सफलता प्राप्त हुई। रेस्क्यू टीम ने अनास नदी में डूबे बालक भावेश पुत्र कान्तिलाल भगोरा उम्र 01 वर्ष 06 माह निवासी ग्राम अडोर थाना गढी जिला बांसवाडा के शव को बरामद कर स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द किया।
