फ्लाईओवर से गिरा बैरिकेड, बाइक सवार दंपति घायल

उदयपुर में बड़ा हादसा टला
 | 

उदयपुर 20 मार्च 2026।  उदियापोल  रोड स्थित माधव टावर के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर काम के दौरान बड़ा हादसा टल गया। घटना बीती रात करीब 9 बजे की है, जब क्रेन से लगाया गया बैरिकेड अचानक फिसलकर नीचे गिर गया और सड़क से गुजर रही एक बाइक पर आ गिरा। बाइक सवार पति-पत्नी संतुलन खोकर गिर पड़े, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आईं।

गनीमत रही कि बैरिकेड बाइक के आगे के हिस्से पर गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए क्रेन ड्राइवर और मजदूरों को फटकार लगाई, जिसके बाद वे मौके से चले गए। सूचना मिलने पर सूरजपोल थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

शहर में सिटी स्टेशन रोड से लेकर उदयपोल, टाउन हॉल रोड होते हुए कलेक्ट्री तक फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी है। निर्माण कार्य के दौरान दोनों ओर क्रेन की मदद से बैरिकेडिंग की जा रही है, ताकि यातायात प्रभावित न हो। हालांकि देर शाम ट्रैफिक अधिक होने के बावजूद बैरिकेडिंग किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शी लोकेश शर्मा और हेमंत मिश्रा ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण लंबे समय से चल रहा है, लेकिन काम की गति काफी धीमी है। साथ ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी लगातार सामने आ रही है, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Udiapol #RoadSafety #ConstructionSafety #BreakingNews #LocalNews #IndiaNews #UrbanDevelopment #TrafficAlert #SafetyFirst #UdaipurUpdates

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal