भीलवाड़ा: दो बाइक की टक्कर में 3 की मौत
गंभीर रूप से घायल चौथे युवक का इलाज जारी
भीलवाड़ा 29 मार्च 2026। ज़िले में तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रविवार सुबह करीब 9 बजे जहाजपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-148D (भीलवाड़ा-टोंक) पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक करीब 100 मीटर दूर जा गिरे।
थाना प्रभारी लोकपाल सिंह ने बताया, “दो बाइकों पर चार लोग सवार थे। दोनों बाइक तेज गति में थीं और आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में विशाल सिंह, नरेंद्र और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हुआ है।”
घायल राहुल को मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से जहाजपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने पहुंचकर नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी ने आगे बताया, “मृतकों के शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कर शव सौंप दिए जाएंगे।” प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
#Bhilwara #RajasthanNews #RoadAccident #BikeAccident #BreakingNews #Jahazpur #NH148D #AccidentNews #IndiaNews #UdaipurNews #RajasthanAccident #LocalNews #HighwayAccident
