तेज़ हवा में फतहसागर में अनियंत्रित हुई नाव

पर्यटकों और नाविकों की सुझबुझ से टला हादसा, सभी यात्री सुरक्षित

 | 
boat overturn in fatehsagar

उदयपुर 19 मई 2025। शहर के प्रमुख पर्यटक स्थल फतहसागर झील में सोमवार दोपहर अचानक तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश के दौरान पर्यटकों से भरी नाव अनियंत्रित हो गई। हालांकि पर्यटकों और नाविकों की सुझबुझ से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही जिला कलक्टर नमित मेहता, यूडीए आयुक्त राहुल जैन सहित सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। नाव में सवार सभी पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।

boat overturn in fs


उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि फतहसागर पर स्थित युडीए की जेटी से सोमवार दोपहर रोज की तरह एक नाव पर्यटकों को लेकर नेहरू गार्डन की ओर से जाने के लिए रवाना हुई। इसी बीच तेज हवा चलने लगी। इससे नाव अनियंत्रित हो गई। नाव में सवार पर्यटकों ने सुझबुझ दिखाते हुए संयम बनाए रखा।

नाविकों ने येनकेन प्रकारेण नाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया। तेज हवा और बारिश के बावजूद नाव पलटी नहीं, इससे बड़ा हादसा टल गया। इस बीच सूचना पाकर युडीए, एनडीआरएफ की टीम आदि भी मौके पर पहुंचे। नाव में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया गया है।

जिला कलक्टर नमित मेहता ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया तथा वहां मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जैन ने बताया कि नाव हवा चलने से पहले ही जेटी से रवाना हो चुकी थी, जैसे ही तेज हवा शुरू हुई शेष नावों का संचालन रोक दिया गया था। अंधड़ से जेटी को थोड़ा नुकसान पहुंचा है, इसलिए फिलहाल नाव संचालन रोक दिया गया है।