सादड़ी-सायरा मार्ग पर तेज रफ्तार कार कुएं में गिरी, कारोबारी की मौत
उदयपुर 11 मई 2026। ज़िले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सायरा थाना क्षेत्र के सादड़ी-सायरा मार्ग पर अमराई वैली के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सेफ्टी दीवार तोड़ते हुए सड़क किनारे स्थित कुएं में जा गिरी। हादसा शाम करीब 4:30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार कुआं करीब 50 फीट गहरा था, लेकिन कार लगभग 10 से 12 फीट की गहराई पर जाकर फंस गई। हादसा देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कार के शीशे तोड़कर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में जेसीबी मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को कुएं से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान फालना निवासी 29 वर्षीय व्यवसायी अनिकेत जैन के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सायरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। मामले में प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि कार तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सेफ्टी दीवार तोड़ते हुए कुएं में जा गिरी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार के शीशे तोड़कर शव को बाहर निकाला।
Udaipur #RoadAccident #Sayra #SadriRoad #RajasthanNews #AniketJain #CarAccident #UdaipurNews #BreakingNews #RajasthanAccident
