सवारियों से भरी कार पलटी, चालक सहित आधा दर्जन लोग घायल

बेकरिया थाना क्षेत्र के सिरवल पुलिया पर हुआ हादसा 
 | 
accident

उदयपुर 13 मई 2026। ज़िले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर मंगलवार शाम को बेकरिया थाना क्षेत्र के सिरवल पुलिया पर राजवी होटल के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार इको कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक सहित करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार इको गाड़ी उदयपुर से सवारियां लेकर पिंडवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिरवल पुलिया के पास गाड़ी के आगे का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना बेकरिया पुलिस को दी, जिस पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी जुटाई।

इसी दौरान आबू-अंबाजी रोडवेज बस चालक सुरेश मेनारिया की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि पलटी हुई गाड़ी रोडवेज बस से महज करीब 10 मीटर की दूरी पर थी, लेकिन चालक ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते बस के ब्रेक लगा दिए, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।

#Udaipur #RoadAccident #Bekariya #PindwaraHighway #UdaipurNews #RajasthanNews #AccidentNews #BreakingNews #Gogunda #RoadSafety #EchoCar #TyreBurst #HighwayAccident #Rajasthan

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News