Chittorgarh: गंगरार पुलिया पर ट्रक-ट्रेलर भिड़ंत, ट्रेलर चालक जिंदा जला

ट्रक चालक और खलासी समय रहते कूदकर बच निकले

 | 
truck trailer accident

चित्तौड़गढ़ 1 अक्टूबर 2025। ज़िले के गंगरार क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गंगरार कोर्ट पुलिया पर एक ट्रक और ट्रेलर में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों गाड़ियों में तुरंत आग लग गई। इस हादसे में ट्रेलर का चालक जिंदा जल गया, जबकि ट्रक चालक और खलासी समय रहते कूदकर बच निकले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक प्याज से भरा हुआ था और ट्रेलर में लोहे का बूरा लदा था। दोनों वाहन भीलवाड़ा की ओर जा रहे थे कि अचानक ट्रेलर का एक पहिया फट गया। पहिया फटने के बाद ट्रेलर बेकाबू होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के साथ ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “आग इतनी तेज थी कि कोई भी पास नहीं जा सका। ट्रक का चालक और खलासी कूदकर निकल गए, लेकिन ट्रेलर का चालक अंदर ही फंस गया। लोग चीखते रहे लेकिन उसे निकाल पाना असंभव था।”

जब तक मदद पहुंचती, आग ने पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया। बाद में जब बचाव दल ने आग बुझाई तो ट्रेलर के केबिन से चालक का जला हुआ शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अभी तक मृत चालक की पहचान नहीं हो पाई है।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा। ट्रक और ट्रेलर सड़क पर खड़े रहने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट किया और बाद में हाइड्रा मशीन से दोनों गाड़ियों को हटवाकर सड़क पर यातायात सुचारु कराया।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News