बाइक से टकराकर गाय की मौत, बाइक सवार घायल
खेरिया घाटा के पास हुई दुर्घटना
उदयपुर 20 अप्रैल 2026। ज़िले में नेशनल हाईवे-58ई पर खेरिया घाटा के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात्रि करीब 11:30 बजे दो बाइक सवार युवकों की सामने आई गाय से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृत गाय को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू करवाया।
पेट्रोलिंग टीम के हेड कॉन्स्टेबल गिरधारी प्रजापत और पप्पू मीणा के अनुसार बाइक सवार तेज गति से जा रहे थे। अचानक सामने गाय आ जाने से बाइक उससे टकरा गई और दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया जा रहा है कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
#UdaipurNews #RajasthanNews #RoadAccident #NH58E #UdaipurAccident #BreakingNews #IndiaNews #HelmetSafety #TrafficAlert #UdaipurUpdates #RajasthanPolice #HighwayAccident
