डंपर ने पैदल जा रहे व्यक्ति को कुचला, मौके पर मौत
उदयपुर 23 फ़रवरी 2026। शहर से सटे बेदला गांव के खटीकवाड़ा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बजरी से भरे एक डंपर ने घर से बाजार जा रहे एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:15 बजे बेदला गांव निवासी 45 वर्षीय सत्यनारायण सोलंकी अपने घर से पैदल बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सापेटिया से फतहपुरा की ओर जा रहे बजरी से भरे डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शव को सड़क पर रख दिया और जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान परिजन और ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी करने लगे।
सूचना पर सुखेर थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। ग्रामीणों का कहना है कि पूरा गांव पीड़ित परिवार के साथ है। मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इसलिए परिवार को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए।
मृतक सत्यनारायण सोलंकी घर के बाहर ही पंचर की दुकान चलाते थे। उनके दो बेटे हैं और पत्नी निजी नौकरी करती हैं। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर खटीक समाज अध्यक्ष संदीप तंवर, पूर्व अध्यक्ष भैरूलाल तंवर, बेदला गांव के निवर्तमान उपप्रधान प्रताप सिंह राठौड़, विक्रांत निमावत सहित कई लोग मौजूद रहे। पुलिस लगातार परिजनों से समझाइश कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रही है।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #BedlaVillage #RoadAccident #BreakingNews #UdaipurUpdates #Sukher #CompensationDemand #LocalNews #RajasthanAccident
