चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका
उदयपुर 23 मार्च 2026। ज़िले के वल्लभनगर उपखंड के शांति नगर क्षेत्र में रविवार को एक घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ बैटरी फट गई और स्कूटी में आग लग गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने में जुट गए।
जानकारी के अनुसार पंकज अग्रवाल के घर में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज पर लगी हुई थी, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि छत पर लगा PVC पैनल भी जल गया। घटना के दौरान परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सभी सदस्य तुरंत घर से बाहर निकल आए। एहतियात के तौर पर घर में रखा गैस सिलेंडर भी बाहर निकाल दिया गया।
स्कूटी मालिक पंकज अग्रवाल ने बताया कि जब वे घर पहुंचे तो स्कूटी से धुआं निकल रहा था। उन्होंने डिक्की खोली तो अंदर आग लगी हुई थी, जो कुछ ही देर में तेज लपटों में बदल गई और छत तक पहुंच गई। आसपास के लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पंकज अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने यह इलेक्ट्रिक स्कूटी 8 अगस्त 2022 को खरीदी थी और यह घर के पार्किंग एरिया में चार्ज हो रही थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर इस हादसे में उनके परिवार को कोई नुकसान हो जाता तो जिम्मेदार कौन होता।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी इलेक्ट्रिक स्कूटी बनाने वाली कंपनी पर सवाल उठाए और ऐसी घटनाओं को देखते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैटरी ब्लास्ट की बढ़ती घटनाएं लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही हैं।
#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Vallabhnagar #ElectricScooter #EVSafety #BatteryBlast #BreakingNews #IndiaNews #EVFire #LocalNewsRajasthan
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
