उदयपुर में 11 केवी डीपी में भीषण धमाके, टला बड़ा हादसा
Udaipur Times, Udaipur Local News: 2 जून 2026 । शहर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र के पानेरियों की मादड़ी स्थित भट्ट तलाई नोहरे के पास सोमवार को 11 केवी बिजली की डीपी में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट इतना भीषण था कि करीब 15 मिनट तक लगातार धमाके होते रहे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के समय पास स्थित समाज के नोहरे में सामूहिक भोजन कार्यक्रम चल रहा था। लगातार हो रहे धमाकों के कारण वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि समाज के लोगों और स्थानीय नागरिकों की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शॉर्ट सर्किट के बाद डीपी से लगातार चिंगारियां और धमाकों की आवाजें आ रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत विद्युत विभाग के कार्यालय को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित लाइन का बिजली कटआउट कराया गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद किए जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने बिजली विभाग से डीपी और विद्युत लाइनों की नियमित जांच एवं रखरखाव की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
