फतहसागर में डूबे व्यवसायी का शव दो दिन बाद मिला

लगातार दो दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन, सिविल डिफेंस और SDRF की टीम को सफलता मिली
 | 
dead body found after two days

उदयपुर 19 मई 2026। शहर की फतहसागर झील से बड़ी खबर सामने आई है। पिछले 48 घंटे से लापता तैराक और व्यापारी ललित मेहता का शव आखिरकार मंगलवार सुबह झील से बरामद कर लिया गया। लगातार दो दिनों से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद सिविल डिफेंस और SDRF की टीम को सफलता मिली, जिसके बाद राहत की सांस ली गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे फतेहसागर झील में फाउंटेन के पास ललित मेहता का शव दिखाई दिया। इसके बाद गोताखोरों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।

गौरतलब है कि अशोकनगर निवासी ललित मेहता रविवार सुबह तैराकी के लिए फतहसागर झील पहुंचे थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया था। झील किनारे उनकी गाड़ी, कपड़े और अन्य सामान मिलने पर पुलिस और नागरिक सुरक्षा विभाग ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

दो दिनों तक लगातार झील के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की गई। इस अभियान में सिविल डिफेंस और SDRF की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

रेस्क्यू टीम में गोताखोर विपुल चौधरी, नरेश चौधरी, विजय नकवाल, भवानी शंकर वाल्मीकि, रवि शर्मा, कैलाश गमेती, बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया, चालक प्रकाश राठौड़ सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

Fatehsagar Lake Drowning Case

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News