गोगुंदा में अज्ञात वाहन की टक्कर से पिता-बेटी की मौत, पत्नी समेत दो महिलाएं गंभीर घायल
Udaipur Times, Accident News: उदयपुर के गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर घटा माता कट के पास सोमवार देर रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक और उसकी दो साल की बेटी की मौत हो गई। हादसे में युवक की पत्नी सहित दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बाइक सवार जसवंतगढ़ की तरफ से गोगुंदा आ रहा था। घटा माता कट से हाईवे पर पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार और उसके साथ मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बाइक सवार युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी दो साल की बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य दोनों घायल महिलाओं का उपचार जारी है।
हादसे में नाल पंचायत के ढाकला माता निवासी खमाणा (38), पुत्र कउवा और उसकी बेटी हंसी (2) की मौत हुई है। वहीं, उसकी पत्नी डालकी बाई (31) और गांगली बाई (35) गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम के हालात बन गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया। दोनों मृतकों के शव गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।