उदयपुर में दर्दनाक सड़क हादसे में पिता की मौत, पुत्र और पुत्री गंभीर घायल
Udaipur Times, Accident News: 8 जून 2026। उदयपुर जिले के उमरड़ा-आम्बुआ मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटे और बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार देवीलाल अपनी बेटी द्वारा आत्महत्या के प्रयास किए जाने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ पुत्र राजेश भी था। रास्ते में उमरड़ा-आम्बुआ मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क से गुजरते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई।
हादसे में देवीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पुत्र राजेश और बेटी का उपचार जारी है तथा दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आम्बुआ-उमरड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की कमी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से समझाइश कर यातायात सुचारू कराने के प्रयास शुरू किए। मामले की जांच की जा रही है।
