लोयरा में फर्नीचर फैक्ट्री में लगी आग
दमकल की 5 गाड़ियों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
उदयपुर 28 अप्रैल 2026। लोयरा गांव में आज सुबह करीब 11 बजे एक फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग फैक्ट्री के पिछले हिस्से में रखे वेस्ट मटेरियल में लगी थी। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड और बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और धुएं का गुबार करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

यह फैक्ट्री उदयपुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है। फैक्ट्री के आसपास कोई घनी आबादी नहीं है, जबकि करीब 1 किलोमीटर दूर कुछ मकान बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के बाहर श्रुति सिंथेटिक फैक्ट्री का बोर्ड लगा हुआ है, लेकिन पिछले कुछ समय से यहां फर्नीचर फैक्ट्री संचालित की जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक फैक्ट्री के अंदर से गुजर रहे बिजली के पोल में ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद पिछले हिस्से में पड़े वेस्ट मटेरियल ने आग पकड़ ली। आग इतनी भयानक थी कि काफी देर तक उसे फैलने से रोकने के प्रयास किए जाते रहे ताकि वह फर्नीचर तक न पहुंचे।
नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग मुख्य फैक्ट्री क्षेत्र तक नहीं पहुंची और समय रहते उसे नियंत्रित कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि फोम और पॉलिथीन सामग्री में आग लगने के कारण धुआं अधिक फैला था। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
फैक्ट्री मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट के बाद हुआ ब्लास्ट माना जा रहा है।
#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #FireIncident #FactoryFire #LoyraVillage #BreakingNews #FireBrigade #IndustrialFire #UdaipurUpdates #RajasthanFire #LocalNewsUdaipur #Badgaon #EmergencyResponse #IndiaNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
