गोगुंदा टोल के पास खड़ी मारुति वैन में लगी भीषण आग

दूसरी कार को ग्रामीणों ने बचाया
 | 

Udaipur Times, Accident News : उदयपुर जिले के गोगुंदा टोल के समीप मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चाय होटल के पास खड़ी मारुति वैन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया और तेज हवा के चलते वाहन आग का गोला बन गया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़ी दूसरी कार भी इसकी चपेट में आ गई। हालांकि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी कार को हाथों से धक्का देकर दूर खींच लिया, जिससे वह आग लगने से बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से मिट्टी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक मारुति वैन पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने मामले की सूचना गोगुंदा पुलिस को भी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर भीषण गर्मी या तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News