उदयपुर के कलड़वास इंडस्ट्रियल एरिया में स्क्रैप गोदाम में लगी आग
Udaipur Times, Accident News: 15 जून 2026। उदयपुर शहर के कलड़वास रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पैरागॉन एसोसिएट्स के स्क्रैप गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगते ही गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में स्क्रैप और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के दौरान गोदाम से उठते धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। सूचना मिलते ही आसपास के उद्योगों के कर्मचारी और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी नवदीप बग्गा ने बताया कि फैक्ट्री संचालक को पूर्व में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि गोदाम में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे।
नवदीप बग्गा ने कहा कि नोटिस की अवहेलना के मामले में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं आग लगने के कारणों और नुकसान के वास्तविक आंकलन के लिए जांच जारी है।
