उदयपुर के ठोकर चौराहे पर संडे बाजार मे आग से अफरा तफरी

 | 
Fire in Sunday Bazar Udaipur

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर शहर के ठोकर चौराहे के पास शहीद भगत सिंह पुल पर रविवार को लगे संडे बाजार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से चार लोगों का कपड़ों सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 35 से 40 हजार रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को शहीद भगत सिंह पुल पर कपड़ों का संडे बाजार लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि आयड़ नदी में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाई गई थी। देखते ही देखते आग फैलते हुए ऊपर सड़क की ओर पहुंच गई और पुल पर लगे संडे बाजार में रखे कपड़ों ने आग पकड़ ली।

अचानक आग लगने से बाजार में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से चार लोगों का रखा माल जलकर राख हो गया। पीड़ितों के अनुसार, कपड़ों के साथ सामान रखने के दौरान रखा पैसों का पर्स भी जल गया। इस घटना में करीब 35 से 40 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

आग लगने से गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News