Udaipur Times, Accident News: राजसमंद जिले के भीम उपखंड के मलयाथड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजसमंद से भीम की ओर आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही डीएसपी राकेश वर्मा मय पुलिस जाप्ते, एएसआई बद्रीलाल और हेड कांस्टेबल कमल मीणा मौके पर पहुंचे। दमकल और एंबुलेंस को भी बुलाया गया।
ट्रेलर के केबिन में चालक और खलासी फंस गए थे। ऐसे में थानेटा सरपंच मोहन सिंह, प्रशासन और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी चालक चैन सिंह ने केबिन तोड़कर दोनों घायलों को बाहर निकाला।
दोनों घायलों को तत्काल भीम चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां एक को मृत बताया व दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है जिसका प्राथमिक उपचार कर ब्यावर रेफर किया गया।
मृतक भागचंद पिता सांवर लाल निवासी रामपुरा व घायल सुरेश पिता रामकरण निवासी मकरेडा मांगलियावास ब्यावर बताया जा रहा है।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटवाकर राजमार्ग पर यातायात सुचारू करवाया।