उदयपुर के नवरतन मे AC कंप्रेसर फटने से 10वीं मंजिल पर लगी आग

 | 
Fire Incident in Navratan Hieghts Udaipur

 

Udaipur Times, Fire Incident:  उदयपुर के भुवाणा थाना क्षेत्र में न्यू नवरतन कॉम्प्लेक्स रोड स्थित नवरतन हाइट्स अपार्टमेंट की 10वीं मंजिल पर रविवार दोपहर एसी का कंप्रेसर फटने से फ्लैट में आग लग गई। तेज धमाके के साथ हुए हादसे में घर में मौजूद मां और बेटे ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई। आग से फ्लैट में रखा सामान जलकर राख हो गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) बाबूलाल चौधरी ने बताया कि 10वीं मंजिल पर मिनरल्स व्यापारी दिनेश वनारिया का फ्लैट है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे फ्लैट में उनकी पत्नी हीना और बेटा प्रतीक मौजूद थे। इसी दौरान एसी का कंप्रेसर तेज आवाज के साथ फट गया। इसके चलते एसी की लाइन में भी ब्लास्ट हुआ और कमरे में आग फैल गई। धमाके की आवाज और धुआं देखकर मां-बेटे तुरंत फ्लैट से बाहर निकल गए।

आग इतनी तेजी से फैली कि फ्लैट में रखी ज्वेलरी, नकदी, फर्नीचर, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए।

रसोई तक पहुंचती आग, उससे पहले निकाले गैस सिलेंडर

सीएफओ चौधरी ने बताया कि जिस कमरे में एसी का कंप्रेसर फटा, उसके पास ही रसोई थी। वहां गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग की लपटें रसोई तक पहुंचने से पहले ही मुस्तैदी दिखाते हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते सिलेंडर बाहर नहीं निकाले जाते तो बिल्डिंग में बड़ा हादसा हो सकता था

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News