प्रतापनगर में पुराने टायर में गोदाम में लगी आग
उदयपुर 3 मार्च 2026। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक पुराने टायर के गोदाम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटें उठने लगीं और दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया। आग में ट्रकों के पुराने टायर, पंक्चर बनाने का केबिन, कम्प्रेसर सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
घटना सुबह करीब 6:30 बजे प्रेम प्रसाद सिंधी के दीपक टायर वर्क नामक गोदाम में हुई। गोदाम से धीरे-धीरे धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। एहतियात के तौर पर आसपास खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों को तुरंत वहां से हटाया गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कुल पांच दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंचीं और पानी लाने के लिए चार-चार राउंड लगाए गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रतापनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड टीम ने गोदाम के मुख्य गेट के अलावा चारों ओर लगी लोहे की बाउंड्री को जेसीबी की मदद से तोड़कर अंदर पहुंच बनाई और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। समय पर दमकल पहुंचने से गोदाम का आधा हिस्सा आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
गनीमत रही कि घटना के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
#Udaipur #UdaipurNews #BreakingNews #Rajasthan #RajasthanNews #FireIncident #WarehouseFire #CityNews #TyreWarehouseFire #FireBrigade #FireSafety #EmergencyResponse #LocalIncident #CityAlert
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
