पेट्रोल पंप के बाहर खड़े वाहनों में लगी आग

चार ऑटो रिक्शा और एक कार पूरी तरह जलकर खाक
 | 

उदयपुर 24 मार्च 2026। शहर के पटेल सर्कल में पेट्रोल पंप के बाहर खड़े वाहनों में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना में चार ऑटो रिक्शा और एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना मंगलवार तड़के करीब 3 बजे पटेल सर्कल क्षेत्र की है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में मामले को ऑटो चालकों की आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूरजपोल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इस दौरान ऊंची लपटों के कारण आसपास के लोग दहशत में आ गए।

बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप के बाहर अवैध रूप से ऑटो रिक्शा खड़े किए जाते हैं, जिससे विवाद की स्थिति बनी रहती है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया हो। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

घटनास्थल पेट्रोल पंप के बेहद नजदीक था, जिससे आग के फैलने का खतरा बढ़ गया था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पंप के नोजल और अंडरग्राउंड टैंक तक खतरा पहुंच सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal