उदयपुर में दीपावली पर पटाखों से दो जगह लगी आग, ढाबा और कार जलने से नुकसान

 | 
Udaipur Fire Incident

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के दीपावली पर पटाखे चलाने के दौरान शहर में दो अलग-अलग जगह आग लगने की घटनाएं सामने आईं। सेक्टर-14 में पटाखे का रॉकेट ढाबे में गिरने से आग लग गई, जबकि रेती स्टैंड स्थित कार सर्विस गैराज में पटाखे की चिंगारी से आग भड़क उठी। दोनों घटनाओं में गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

रॉकेट गिरने से ढाबे में लगी आग, सामान और फर्नीचर जले

पहली घटना रात करीब 10 बजे सेक्टर-14 इलाके की है। यहां पटाखे का एक रॉकेट उड़कर ढाबे में जा गिरा, जिससे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे ढाबे को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि आग वहां रखे गैस सिलेंडर तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ढाबे में रखा सामान और फर्नीचर जलकर राख हो चुका था। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व पार्षद महेश त्रिवेदी भी मौके पर पहुंचे।

कार गैराज में भी भड़की आग, युवकों ने दिखाई सूझबूझ

दूसरी घटना रेती स्टैंड स्थित एक कार सर्विस गैराज की है। यहां पटाखे की चिंगारी से पहले झाड़ियों में आग लगी और फिर पास खड़ी एक कार इसकी चपेट में आ गई।

पास में स्थित क्लासिक ऑटो इलेक्ट्रिक के मालिक मेहफूज अहमद और उनके साथी अब्दुल हक व इदरीस की नजर आग पर पड़ी। तीनों ने तुरंत बोरिंग के पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

युवकों की तत्परता से गैराज में खड़ी अन्य कारों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। समय रहते आग बुझने से बड़ा नुकसान टल गया।  

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News