एनीकट में डूबने से चार बच्चो की मौत
डबोक थाना क्षेत्र के भमरासिया घाटी काकरनाड़ा स्थित लक्ष्मणपुरा पावर हाउस के पास की घटना
उदयपुर 25 अक्टूबर 2025। ज़िले के डबोक थाना क्षेत्र के भमरासिया घाटी काकरनाड़ा स्थित लक्ष्मणपुरा पावर हाउस के पास चार बच्चों की एनीकट में डूबने से मौत हो गई। सभी बच्चे कालबेलिया समाज की जोगी बस्ती के रहने वाले थे। मृतकों में तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं, जिनकी उम्र 13 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना दोपहर करीब 3 बजे पुलिस थाना डबोक को मिली। सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तब तक स्थानीय लोगों ने सभी शवों को बाहर निकाल कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया था।
मौके पर पांच जोड़ी कपड़े मिलने पर यह आशंका जताई गई कि एक और बच्चा लापता हो सकता है। इस पर नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, हालांकि अब तक कोई और शव नहीं मिला है।
टीम में गोताखोर विजय नकवाल, विपुल चौधरी, दिनेश गमेती, सचिन कंडारा, प्रकाश राठौड़, जगदीश कुमावत और वाहन चालक कैलाश मेनारिया शामिल रहे।
पुलिस ने चारों बच्चों के शवों को एमबी अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
