Update: माइंस में पानी भरने से 4 बच्चों की मौत, मुआवजे पर बनी सहमति
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया
उदयपुर 25 अगस्त 2025। ज़िले के डबोक थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुंवारी माइंस में बारिश का पानी भरने से चार नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं। सभी बच्चे नहाने के लिए पानी में उतरे थे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से उनकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन बच्चों के शवों से लिपटकर विलाप करने लगे। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और माइंस मालिक को बुलाने की मांग करने लगे।
यह माइंस उदयपुर-चित्तौड़गढ़ मार्ग पर मंदेरिया गांव में स्थित है। यहां पत्थर निकालने का काम होता है, लेकिन बरसात के पानी से गड्ढों में गहरा पानी भर गया था। बच्चे रविवार को बकरियां चराने गए थे और इसी दौरान नहाने के लिए पानी में उतर गए।
डबोक थाने के एएसआई मनोहर सिंह देवड़ा ने बताया कि मृतकों में लक्ष्मी गमेती (14), भावेश (14), राहुल (12) और शंकर (13) शामिल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।