गोगुंदा में भीषण आग से शादी समारोह में मची अफरा-तफरी
लाखों का माल जलकर खाक, फायर ब्रिगेड की कमी बनी बड़ी चिंता
उदयपुर 23 अप्रैल 2026। ज़िले के गोगुंदा उपखंड मुख्यालय निकुंज वाटिका के पीछे अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते बाडे में पड़े सिंचाई के प्लास्टिक पाइप जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
इस आग की चपेट में पास की दो दुकानें भी आ गईं, लेकिन ग्रामीणों की सजगता से दुकानो में रखा माल सामान बाहर निकाल लिया जिससे एक बड़ा नुकसान होने से टल गया। घटना के समय निकुंज वाटिका में शादी समारोह चल रहा था, जहां आग की सूचना मिलते ही मंडप और स्टेज को तुरंत हटाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। वहीं, अन्नपूर्णा कैटरर्स की हरीश भट्ट की सूचना पर उदयपुर से दो दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि गोगुंदा उपखंड मुख्यालय होने के बावजूद यहां फायर ब्रिगेड की कोई स्थायी सुविधा उपलब्ध नहीं है। करीब 35 किलोमीटर के बड़े क्षेत्र में आए दिन आगजनी की 2 से 4 घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से गोगुंदा में जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।
#GogundaFire #UdaipurNews #RajasthanNews #FireIncident #BreakingNewsIndia #LocalNewsIndia #WeddingFire #FireAccident #EmergencyAlert #PublicSafety
