गोगुंदा–पिंडवाड़ा हाईवे:लगातार दूसरे दिन हादसा-फिर महिला पर्यटक को ट्रेलर ने कुचला
उदयपुर 10 फ़रवरी 2026। गोगुंदा–पिंडवाड़ा हाईवे पर घसियार स्थित श्रीनाथजी मंदिर के बाहर लगातार दूसरे दिन भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश की एक महिला पर्यटक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अनीता यादव पत्नी ब्रज यादव (55 वर्ष) निवासी सदर नया बाजार, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। महिला अपने परिजनों के साथ तूफान वाहन में सवार होकर श्रीनाथजी के दर्शन के लिए पहुंची थी। बताया गया कि महिला के परिजन पहले मंदिर में दर्शन के लिए चले गए थे, जबकि वह कुछ देर के लिए वाहन में अकेली बैठी रही।
इसी दौरान महिला अचानक वाहन से उतरकर सड़क पार करते हुए मंदिर की ओर जा रही थी, तभी गोगुंदा की ओर से तेज रफ्तार आ रहे एक ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और शव क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर बड़गांव थाना पुलिस से एएसआई सोहन सिंह राणावत मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार दूसरे दिन हुए इस हादसे ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और श्रीनाथजी मंदिर के बाहर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
