रूपावली गांव में सरकारी स्कूल की दीवार गिरी, बड़ा हादसा टला
रविवार का दिन अवकाश होने के कारण स्कूल में कोई छात्र मौजूद नहीं था
उदयपुर 28 जुलाई 2025। ज़िले के वल्लभनगर ब्लॉक के रूपावली गांव स्थित सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय की दीवार और छत का एक हिस्सा रविवार सुबह ढह गया। सौभाग्यवश रविवार का दिन अवकाश होने के कारण स्कूल में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस विद्यालय में कक्षा पहली से आठवीं तक लगभग 90 छात्र पंजीकृत हैं।
गांव के लोगों ने बताया कि स्कूल भवन की जर्जर स्थिति को लेकर वे कई बार स्कूल स्टाफ और खंड शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर चुके थे। यहां तक कि इस मुद्दे पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
रविवार सुबह एक ग्रामीण ने स्कूल की गिरी हुई दीवार और छत को देखा और तुरंत इसकी सूचना स्कूल के प्रधानाध्यापक को दी। यह घटना झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में घटित उस दर्दनाक हादसे के बाद सामने आई है, जहां कुछ दिन पहले सरकारी स्कूल की छत गिरने से सात मासूम बच्चों की मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार जो छत गिरी, वह स्कूल के बरामदे की थी, जहां रोजाना कक्षाएं लगती थीं। बच्चे उसी छत के नीचे पढ़ाई करते थे। यह हिस्सा कई वर्षों से खराब स्थिति में था और बरसात के दिनों में पानी सीधे कक्षा में टपकता था। बीती रात (शनिवार-रविवार की रात) उदयपुर में फिर से बारिश हुई, जिसके बाद सुबह यह हादसा हुआ। यदि रविवार को अवकाश नहीं होता, तो बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
विद्यालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि भवन की स्थिति को लेकर विभाग को पहले ही सूचित किया जा चुका था। मरम्मत कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और संभावना है कि मानसून के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। वर्ष 1984 में बना यह स्कूल भवन आरसीसी छत रहित है और पुरानी शैली की पट्टीदार छत से बना हुआ है।
