Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमन्द जिले के देवगढ़ के सोहनगढ़ गांव में बीती रात अचानक लगी भीषण आग से किसान मांगूसिंह एवं कालूसिंह चांदावत के परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। आग की चपेट में आने से करीब 4 से 5 टन पशुओं का चारा जलकर पूरी तरह राख हो गया। इससे परिवार के सामने मवेशियों के चारे का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही देवगढ़ चेयरमैन हंसराज कंसारा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचाया। फायर ब्रिगेड के सुनील एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
इस दौरान सरपंच महेंद्र सिंह, समाजसेवी गिरधारी सिंह सहित सिरोदनिया, हेमपुरा और सोहनगढ़ के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पाया गया और बड़ा हादसा टल गया।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन, तहसीलदार एवं आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित किसान परिवार के नुकसान का जल्द सर्वे करवाकर उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है, ताकि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को राहत मिल सके।