उदयपुर मे खाली गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक बिजली के खंभे से टकराकर पलटा, राहगीर गंभीर घायल

 | 
accident

 

Udaipur Times, Udaipur News: मीठा नीम-कुराबड़ रोड पर रविवार दोपहर गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे में एक राहगीर गंभीर घायल हो गया, जबकि एक बाइक ट्रक के नीचे दब गई। ट्रक में भारत गैस कंपनी के खाली सिलेंडर भरे हुए थे। सिलेंडर सड़क पर बिखरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ। ट्रक साकरोदा से कुराबड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। हादसे में सड़क से गुजर रहा एक राहगीर गंभीर घायल हो गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के समय बाइक चालक मौके पर मौजूद नहीं था।

सिलेंडर सड़क पर बिखरते देख आसपास मौजूद लोगों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। लोगों को आशंका थी कि सिलेंडरों में गैस होने से विस्फोट हो सकता है। हालांकि बाद में पता चला कि ट्रक में लदे सभी सिलेंडर खाली थे, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सड़क पर बिखरे सिलेंडरों और पलटे ट्रक के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News