जैसलमेर बस हादसा-20 लोग ज़िंदा जले
घायलों को 208km का ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर अस्पताल भेजा
15 अक्टूबर 2025। जैसलमेर जोधपुर हाइवे पर थईयात गाँव के निकट मंगलवार 14 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एसी स्लीपर बस में आग लगने से 20 यात्री ज़िंदा जल गए जबकि 70 फीसदी से अधिक झुलसे 16 यात्रियों को जोधपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बस में कुल 40 यात्री सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैसलमेर से बस दोपहर 3 बजे जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। बस जैसे ही आगे बढ़ी चालक ने देखा कि वाहन के पीछे से धुंआ उठ रहा है। चालक ने बस रोकने की कोशिश की लेकिन आग इतनी तेज़ी से फैली कि बस पूरी तरह जल गई। बस में आग लगने के बाद मैन गेट लॉक हो गया एवं एमरजेंसी गेट नहीं होने और विंडो जाम होने से यात्री अंदर ही फंसे रह गए।
मीडिया सूत्रों के अनुसार बस में AC की गैस लीक होने के कारण शार्ट सर्किट की वजह से आग लगना बताया जा रहा है वहीँ बस की डिग्गी में रखे पटाखों से आग और तेज़ी से फैली। एक तरफ यात्री बस के अंदर जलते रहे और बाहर सड़क पर लोग बेबस खड़े रहे। स्थानीय लोग, राहगीर और सेना के जवानो ने राहत कार्य और बचाव में मदद की।
इधर, घटनास्थल पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देर रात पहुंचे और घायलों को हर संभव मदद और इलाज के लिए निर्देश दिए। घायलों को 208 किलोमीटर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर भेजा गया।
केंद्र से मृतकों के आश्रितों को 2 लाख की मदद
जैसलमेर बस हादसे में प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2 लाख और घायलों को 50 हज़ार की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है।
जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उदयपुर में पर्यटन मंत्रियों की कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति सरकार की पूरी सहानुभूति है। शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि हादसे में घायल सभी लोग शीघ्र स्वस्थ हों और सकुशल अपने घर लौटें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह हादसा निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण है और जांच का विषय है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि गलती किसकी थी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की राहत राशि देने की घोषणा की है। शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह सुनिश्चित किया है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही शेखावत ने सभी से अपील की कि हम सब मिलकर घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करें।
Source: Media Reports
