करंट लगने से मज़दूर की दर्दनाक मौत

पेड़ की छंटाई के दौरान लगा करंट  
 | 

उदयपुर 30 जनवरी 2026 । शहर के मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी रोड स्थित एक निजी डे-रेनबोर्ड स्कूल परिसर में गुरुवार सुबह पेड़ की छंटाई के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। मजदूर पेड़ पर चढ़कर छंटाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि पेड़ के पास से करीब 8 से 10 फीट की दूरी पर 33 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। इसी दौरान मजदूर द्वारा काटी गई डाल गिरकर हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। मजदूर ने डाल को हटाने का प्रयास किया, तभी वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

करंट लगने के बाद मजदूर का शव काफी देर तक पेड़ में ही फंसा रहा। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। 

सूचना पर भूपालपुरा थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद बिजली सप्लाई बंद करवाई गई, जिसके बाद शव को नीचे उतारा गया और एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी भिजवाया गया।

अशोक नगर AEN ब्रजलाल मीणा ने बताया कि नियमानुसार बिजली लाइन के आसपास पेड़ों की छंटाई या कटाई से पहले बिजली विभाग को लिखित सूचना देना आवश्यक होता है, ताकि लाइन की सप्लाई बंद की जा सके। इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल प्रबंधन सहित संबंधित पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurAccident #BreakingNews #LocalNews #UdaipurCity #RajasthanUpdates #MLSURoad #SchoolNews

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal