बड़ी गांव में लेपर्ड के हमले से किसान की दर्दनाक मौत

ग्रामीणों में घटना के बाद भारी आक्रोश और दहशत का माहौल
 | 

उदयपुर 28 फ़रवरी 2026। शहर के निकट बड़ी पंचायत क्षेत्र के उपली बड़ी गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। सज्जनगढ़ सेंचुरी के पास स्थित खेत में लेपर्ड ने 42 वर्षीय किसान बाबूलाल पुत्र रूपलाल गमेती पर हमला कर दिया। लेपर्ड किसान को घसीटते हुए कुएं से करीब 500 मीटर दूर खेत में ले गया, जहां शनिवार सुबह उसका शव बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार बाबूलाल गेहूं की फसल में पानी देने के बाद कुएं के पास बने एक कमरे की छत पर सो गया था। देर रात लेपर्ड छत पर पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद लेपर्ड उसे नीचे खींच लाया और घसीटते हुए दूर खेत में ले गया।

शनिवार सुबह गांव का एक युवक पानी की मोटर चलाने कुएं पर पहुंचा तो उसे वहां खून फैला दिखाई दिया। खून के निशानों का पीछा करते हुए वह आगे बढ़ा तो करीब 500 मीटर दूर खेत में बाबूलाल का शव पड़ा मिला। शव की हालत बेहद क्षत-विक्षत थी और शरीर के कई हिस्से लेपर्ड द्वारा नोचे गए थे। एक पैर अलग मिला। कुएं के पास उसके कपड़े भी पड़े मिले।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। वन विभाग और बड़गांव पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को उदयपुर के एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

वार्ड पंच अजय सिंह देवड़ा ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में लेपर्ड की गतिविधियों की सूचना देते रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों में घटना के बाद भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना पर सज्जनगढ़ सेंचुरी से रेंजर सीताराम मीणा और उदयपुर पूर्व से रेंजर तेजसिंह राणावत भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

#Udaipur #LeopardAttack #RajasthanNews #BreakingNews #WildlifeConflict #BadiVillage #Sajjangarh #UdaipurRural #Badgaon #UdaipurCity #Rajasthan #HumanWildlifeConflict #LeopardInUdaipur #WildlifeAlert #ForestDepartment #SajjangarhSanctuary #GroundReport #RuralNews #CrimeNews #LatestNews