फॉल्ट ठीक करते लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत
डबोक थाना क्षेत्र में 11 केवी बिजली लाइन पर हुआ हादसा
उदयपुर 10 अप्रैल 2026। ज़िले के डबोक थाना क्षेत्र में 11 केवी बिजली लाइन में फॉल्ट ठीक करते समय एक लाइनमैन की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे तुलसीदासजी की सराय में हुआ, जहां धुनीमाता निवासी शौकत शेख (42) पोल पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार लाइन को पहले शटडाउन किया गया था, लेकिन अचानक GSS से बिजली सप्लाई चालू हो गई। करंट आते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे लाइनमैन का शरीर बुरी तरह झुलस गया और वह पोल से नीचे गिर गया। हादसे में उनका एक पैर भी टूट गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण देर रात तक डबोक अस्पताल के बाहर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। परिजनों ने ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग की। बाद में ठेकेदार द्वारा 7 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
मामले में अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शटडाउन के बावजूद बिजली सप्लाई किसने चालू की। XEN राकेश करण ने इसे जांच का विषय बताया है। परिजनों ने GSS पर अनुभवहीन लोगों से काम लेने का आरोप भी लगाया है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच जारी है।
#Udaipur #Dabok #RajasthanNews #UdaipurNews #BreakingNews #ElectricAccident #LinemanDeath #IndiaNews #LocalNews #PowerFailure #GSS #SafetyNegligence
