उदयपुर से हरिद्वार जाती बस के ब्रेक फैल होने के बाद ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला
Udaipur, June 12, 2026 | Accident in Jhadol: उदयपुर ज़िले के झाड़ोल में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। ब्रेक फेल होने के बाद बस करीब दो मिनट तक खेरिया घाटा के पास गहरी खाई के किनारे-किनारे दौड़ती रही। बस जिस मार्ग से गुजर रही थी, उसके पास करीब 150 से 200 फीट गहरी खाई थी।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे नेशनल हाईवे-58E (उदयपुर-ईडर मार्ग) पर हुआ। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन चालक ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बस को सड़क के दूसरी ओर पत्थरों से टकराकर रोक दिया। चालक की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में 25 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही नाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।गंभीर घायलों को उपचार के लिए उदयपुर के MB अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बस में झाड़ोल क्षेत्र के गोराना, देवास और आसपास के गांवों के श्रद्धालु सवार थे, जो उदयपुर होते हुए हरिद्वार यात्रा पर जा रहे थे। यात्रा शुरू होने के कुछ समय बाद ही यह हादसा हो गया।
बस में सवार यात्री मदन मेहता ने बताया कि गांव से रवाना होने के कुछ ही देर बाद खेरिया घाटा के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद करीब एक से डेढ़ मिनट तक बस खाई के किनारे दौड़ती रही। यात्रियों की सांसें अटक गई थीं और सभी भगवान को याद कर रहे थे। आखिरकार चालक ने बस को पत्थरों की ओर मोड़कर रोक दिया, जिससे सभी की जान बच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रणघाटी और खेरिया घाटा क्षेत्र में नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। सड़क सिंगल होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाईवे निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
