बांसवाड़ा में बड़ा हादसा: बाइक पर गिरा 11 केवी हाईटेंशन तार, महिला की दर्दनाक मौत
Udaipur Times, Banswara News: आनंदपुरी थाना क्षेत्र की छाजा पंचायत के जेतियावाड़ा गांव में शुक्रवार शाम बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रही बाइक पर 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। हादसे में 27 वर्षीय महिला लीला डामोर की मौत हो गई, जबकि उसके पिता समेत तीन लोग करंट की चपेट में आने से झुलस गए। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली निगम की लापरवाही को लेकर आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार कांगलिया निवासी 27 वर्षीय लीला पत्नी सुभाष डामोर अपने पिता रामा पुत्र चमना के घर जेतियावाड़ा आई हुई थी। शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को शाम करीब 6:40 बजे सुभाष डामोर, रामा पुत्र चमना (55), लीला और चार वर्षीय संदीप पुत्र सुभाष एक ही बाइक पर सवार होकर कांगलिया के लिए निकले थे।
घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर बाइक पर गिर गया। हादसे के समय बारिश हो रही थी। तार बाइक पर गिरते ही चारों लोग करंट की चपेट में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
महिला की मौत, तीन लोग झुलसे
हादसे में लीला डामोर गंभीर रूप से झुलस गई। उसके पिता रामा पुत्र चमना भी गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं सुभाष डामोर और चार वर्षीय संदीप भी करंट की चपेट में आने से झुलस गए।
तार गिरने के बाद पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल छाजा जीएसएस को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई। बिजली बंद होने के बाद ही ग्रामीण घायलों को तार की चपेट से बाहर निकाल सके।
इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपजिला अस्पताल आनंदपुरी पहुंचाया गया। गांव के रमणलाल डामोर ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद लीला डामोर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे रामा पुत्र चमना को प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा रेफर किया गया। वहीं सुभाष डामोर और चार वर्षीय संदीप का आनंदपुरी अस्पताल में उपचार किया गया।
चार साल के बेटे के सिर से उठा मां का साया
हादसे में चार वर्षीय संदीप ने अपनी मां को खो दिया। घायल पिता के साथ अस्पताल में मौजूद मासूम को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों और अस्पताल स्टाफ की आंखें नम हो गईं।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली निगम की लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सड़क से गुजर रहे लोगों पर गिरना गंभीर लापरवाही है। ग्रामीणों ने बिजली लाइनों की जांच और जर्जर तारों को बदलने की मांग की है।
