भुवाणा-सुखेर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत

तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी
 | 
accident

उदयपुर 16 मई 2026। शहर के भुवाणा-सुखेर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार युवक करीब 100 फीट तक ट्रक के साथ घसीटता चला गया। हादसे में युवक के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए और अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब 12 बजे सुखेर चौराहे से पहले हुआ। आगरा निवासी मुकेश पाठक (34) नाथद्वारा हाईवे स्थित होलीमोंट होटल एंड रिसॉर्ट में ट्रेनिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और शनिवार को स्कूटी से अपने शोभागपुरा स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबेरी की ओर से आए ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी एक तरफ जा गिरी जबकि मुकेश पाठक ट्रक के पहियों में फंस गए और करीब 100 फीट तक घसीटते चले गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन रोककर चाबी निकाल मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शी शंकर डांगी ने बताया कि आसपास के व्यापारी और लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। युवक ट्रक के नीचे फंसा हुआ था और उसके दोनों पैर कुचल चुके थे। लोगों ने मिलकर ट्रक को पीछे धक्का देकर युवक को बाहर निकाला और एंबुलेंस तक पहुंचाया।

जाम की स्थिति के कारण एंबुलेंस दूसरी लेन में खड़ी रही और लोगों ने घायल युवक को हाथों में उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद उसे तत्काल एमबी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। मौके से युवक की स्कूटी और जूते भी बरामद हुए हैं।

#Udaipur #RoadAccident #UdaipurNews #Sukher #BhuvanaRoad #TruckAccident #ScootyAccident #RajasthanNews #MBHospital #UdaipurTimes #SadNews #TrafficAccident #BreakingNews #UdaipurUpdates

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News