खेरवाड़ा के कबाड़ गोदाम में भीषण आग

आग से करीब 50 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान
 | 

उदयपुर 6 मई 2026। ज़िले के खेरवाड़ा कस्बे में मंगलवार देर शाम एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। आसपास फायर स्टेशन नहीं होने के कारण दमकल देर से पहुंची, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई। डूंगरपुर और उदयपुर से दमकलों को बुलाना पड़ा।

घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद डूंगरपुर से एक दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी और एक गाड़ी इसे नियंत्रित करने में नाकाम रही। उदयपुर से दूसरी दमकल के पहुंचने में तीन घंटे से अधिक का समय लग गया। जब तक दोनों जगहों से मदद पूरी तरह पहुंची, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

आग शाम करीब 7 बजे लगी और रात 12 बजे तक भी पूरी तरह नहीं बुझ पाई। मौके पर कुल तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची थीं, जो लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं।

गोदाम के मालिक अशोक कुमार के अनुसार इस आग से करीब 50 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि गोदाम में कबाड़ के अलावा स्क्रैप करने वाली एक कीमती मशीन भी रखी थी, जो आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। अब वहां केवल लोहे का ढांचा ही बचा है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

दमकल के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोग खुद ही मदद के लिए आगे आए। लोगों ने निजी टैंकरों से पानी मंगवाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसी दौरान एंबीसी का एक टैंकर भी पानी लेकर मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में सहयोग किया।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि टैंकरों का पानी भी कम पड़ गया। गनीमत यह रही कि गोदाम चारों ओर से ऊंची दीवारों से घिरा हुआ था, जिससे आग पास के रिहायशी मकानों और दुकानों तक नहीं फैल सकी। यदि यह सुरक्षा नहीं होती, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।

#Kherwara #UdaipurNews #RajasthanNews #FireIncident #BreakingNews #Udaipur #Dungarpur #FireAccident #LocalNews #RajasthanUpdates #EmergencyResponse #IndiaNews #WarehouseFire #KherwaraFire #UdaipurBreaking

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal