मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर घर में घुसा

गनीमत रही कोई जनहानि हुई हालाँकि घर क्षतिग्रस्त हो गया
 | 
Accident

उदयपुर 9 फरवरी 2026। कुराबड़ मार्ग पर देर रात एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में घुस गया। हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद परिवार घबरा गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि घर में बनी दुकान, फाटक और वहां खड़ा टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना बीती रात करीब साढ़े 11 बजे उदयपुर से लगभग 27 किलोमीटर दूर डबोक पुलिस थाना क्षेत्र के मीठानीम गांव में स्कूल के सामने स्थित एक मकान की है। रात का समय होने के कारण उस वक्त घर के बाहर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। दिन के समय इसी फाटक के पास परिवार के सदस्य बैठते हैं और लोगों की आवाजाही भी रहती है।

मकान मालिक शंकरलाल खटीक ने बताया कि रात करीब 11.30 बजे सड़क पर जोरदार टक्कर की आवाज आई। आवाज सुनते ही घर में मौजूद सभी लोग डर गए। बाहर निकलकर देखा तो एक मिनी ट्रक फाटक तोड़ते हुए सीधे घर में घुसा हुआ था। ट्रक की टक्कर से फाटक के साथ-साथ दुकान की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा। घर के अंदर खड़ा टेंपो भी ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि मिनी ट्रक का चालक वाहन स्टार्ट हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद रात में ही डबोक पुलिस थाने को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा और मौका पर्चा बनाया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन उदयपुर का बताया जा रहा है। फिलहाल फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।