सागवाड़ा मे डंपर मकान में घुसा, मां-बेटी की मौत, पिता पुत्र घायल

 | 
accident

 

 

Udaipur Times. Sagwada News:  डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बेकाबू डंपर सड़क किनारे बने मकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। हादसे में कमरे में सो रही सुशीला मनात (45) और उनकी बेटी राधिका (15) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटा महेंद्र और बरामदे में सो रहे पति विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा नेशनल हाईवे-927ए पर गलियाकोट पुल के पास सागवाड़ा बाइपास पर आईटीआई के नजदीक रात करीब 12 बजे हुआ। थानाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, डंपर बांसवाड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर मकान में जा घुसा। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।

टक्कर इतनी तेज थी कि परिवार के सदस्यों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर और डंपर के बीच फंसे लोगों को बाहर निकालकर सागवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने सुशीला और राधिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल विनोद और महेंद्र का उपचार जारी है। मां-बेटी के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News